चाईबासा:अवैध रूप से अफीम का भंडारण एवं खेती करने के आरोप में 10 गिरफ्तार
सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में सदर कार्यपालक दंडाधिकारी के उपस्थिति में की गई कार्रवाई
चाईबासा। मंझारी थाना अंतर्गत ईपीलसिंगी ग्राम में अवैध रूप से अफीम का भंडारण एवं खेती करने के आरोप में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडे के नेतृत्व में सदर कार्यपालक दंडाधिकारी जितेंद्र कुमार यादव की उपस्थिति में छापेमारी के दौरान 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।उक्त जानकारी सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा प्रेस वार्ता के क्रम में दी गई।पुलिस निरीक्षक सदर अंचल,चाईबासा श्रीमती शीला टोप्पो लिखित आवेदन पर सुरेंद्र चंपिया, जमादार चंपिया, सेलाई चंपिया, सदानंद चंपिया, शालू पूर्ति, दुमा सिंह पूर्ति, जितेन सांडी, शिवा पूर्ति, देवेंद्र दोराईबुरु, सोनाराम चंपिया(सभी गिरफ्तार) आरोप दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ के द्वारा जानकारी दी गई कि पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई की ईपीलसिंगी ग्राम निवासी सुरेंद्र चंपिया के द्वारा अफीम की बिक्री एवं भंडारण किया जा रहा है। उक्त सूचना के सत्यापन एवं विधि सम्मत कार्रवाई हेतु एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी दल गठन किया गया, जिसमें दंडाधिकारी के रूप में कार्यपालक दंडाधिकारी चाईबासा भी शामिल रहे। छापेमारी के दौरान सुरेंद्र चंपिया के घर पर उपस्थित व्यक्तियों से पूछताछ करने पर जानकारी दिया गया कि गांव के रोदोवासा टोला स्थित जमीन में हुक सभी मिलकर अफीम की खेती कर रहे हैं साथ ही कुछ फसल तैयार होने की स्थिति में है जिससे अफीम निकाला गया है जो सुरेंद्र चंपिया के घर में रखा गया है।पूछताछ के उपरांत दंडाधिकारी की उपस्थिति में घर की तलाशी लेने के क्रम में एक काले रंग के बैग के अंदर प्लास्टिक में गहरे भूरे रंग का तीन गोलाकार आकृति का अफीम पाया गया, उपस्थित व्यक्तियों से वैध कागजात एवं अनुज्ञप्ति की मांग करने पर कोई कागजात नहीं प्रस्तुत किया गया, इसके उपरांत बरामद अफीम को विधिवत जप्त कर लिया गया। सभी लोगों के साथ छापेमारी दल अफीम लगा खेत पर पहुंचे जहां पर उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि खेत सेलाई चंपिया का है जिसमें करीब डेढ़ एकड़ में और बगल में सोनाराम चंपिया के खेत में भी अफीम का फसल लगा हुआ पाया गया।सदर एसडीपीओ के द्वारा आगे जानकारी दी गई कि संबंधित मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी चाईबासा को दिया गया तथा प्राप्त आदेश के आधार पर अफीम के फसल को नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से अफीम की खेती करने तथा तस्करी करने के संजाल के संबंध में गहनता पूर्वक छानबीन की जा रही है। छापेमारी के दौरान 600 ग्राम अफीम(लगभग), दो मोटरसाइकिल, 07 मोबाइल फोन, 30,200 नगद एवं अफीम के फल में चीरा लगाने का सामग्री बरामद किया गया है।